Saturday, March 28, 2026
Homeअपराधइंस्टाग्राम पर ‘डॉक्टर’ से दोस्ती, महंगे गिफ्ट के झांसे में इंजीनियर से...

इंस्टाग्राम पर ‘डॉक्टर’ से दोस्ती, महंगे गिफ्ट के झांसे में इंजीनियर से 78 लाख की ठगी…

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर विदेश से महंगे गिफ्ट का झांसा, इंजीनियर से 78 लाख की ठगी

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में साइबर अपराध का एक और मामला सामने आया है। विदेश से गिफ्ट भेजने के झांसे में आकर वन विभाग के एक इंजीनियर से 78 लाख से अधिक की ठगी हुई है। मामले की रिपोर्ट साइबर थाने में दर्ज की गई है।

डॉ. मतिल्दा हैरिसन से इंस्टाग्राम पर दोस्ती

मिली जानकारी अनुसार, लखनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले रामाज्ञा सिंह, जो मनेंद्रगढ़ वन विभाग में इंजीनियर हैं, की जून 2024 में यूनाइटेड किंगडम की डॉ. मतिल्दा हैरिसन नामक यूजर से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। कुछ समय बाद मतिल्दा ने महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर रामाज्ञा को धोखाधड़ी के जाल में फंसा लिया।

महंगे गिफ्ट का लालच देकर ठगी

मतिल्दा ने रामाज्ञा सिंह से कहा कि वह अपनी सर्विस का 6 साल पूरा होने की खुशी में उन्हें आईफोन-14, विदेशी मुद्रा और अन्य महंगे सामान भेज रही है। इसके लिए उसे लोकल ट्रांसपोर्टिंग और प्रोसेसिंग फीस जमा करानी होगी।

कई किस्तों में पैसे जमा कराए

इसके बाद एक कथित कोरियर सर्विस मैनेजर दीपक शर्मा ने रामाज्ञा से संपर्क कर कई चार्जेज के नाम पर पैसे जमा कराए। 17 जुलाई 2024 से लेकर 29 अक्टूबर 2024 के बीच रामाज्ञा ने डिलीवरी चार्ज, कस्टम ड्यूटी, आर्म्स कंट्रोल यूनिट फीस, जीएसटी और अन्य फर्जी खर्चों के नाम पर 78 लाख 37 हजार 999 रुपए विभिन्न खातों में जमा करा दिए।

ढाई महीने बाद हुई रिपोर्ट दर्ज

गिफ्ट न मिलने पर रामाज्ञा सिंह को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उन्हें गिफ्ट के रूप में एक करोड़ 35 लाख रुपए का सामान भेजने का दावा किया गया था, लेकिन यह सब एक धोखाधड़ी का हिस्सा निकला।

कैसे बचें ऐसी ठगी से?

1. ऑनलाइन अजनबियों से सतर्कता बरतें : सोशल मीडिया पर मिले किसी अजनबी से व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

2. महंगे गिफ्ट के झांसे में न आएं : यदि कोई महंगा गिफ्ट भेजने का वादा करता है और पैसे मांगता है, तो यह ठगी हो सकती है।

3. सत्यापित करें : किसी भी संदिग्ध कॉल, ईमेल या मैसेज की जांच साइबर क्राइम विभाग से करवाएं।

4. साइबर जागरूकता बढ़ाएं : ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी लें और दूसरों को भी जागरूक करें।

साइबर क्राइम से सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts