Homeअन्य खबरेसरकारी कार्यालय में कथित शराब पार्टी का वीडियो वायरल, डिप्टी रेंजर पर...

सरकारी कार्यालय में कथित शराब पार्टी का वीडियो वायरल, डिप्टी रेंजर पर उठे सवाल; किचन में चिकन-मटन बनाते भी दिखे, देखें वीडियो…

बिलासपुर। वन विभाग के जिस सरकारी कार्यालय से जंगलों की सुरक्षा और वन संपदा के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाई जाती है, उसी कार्यालय का एक वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। बिलासपुर वन मंडल के सीपत वन परिक्षेत्र कार्यालय का कथित शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में डिप्टी रेंजर सहित कई लोग कार्यालय परिसर में मौजूद नजर आ रहे हैं। वहीं, कार्यालय के किचन में चिकन-मटन पकाने के दृश्य भी सामने आए हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो दीपावली के दूसरे दिन का है। वीडियो में सीपत वन परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल के साथ करीब 10 से 15 युवक दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग डिस्पोजल गिलास लेकर बैठे नजर आते हैं, जबकि परिसर में खाने-पीने की पूरी व्यवस्था दिखाई दे रही है। वीडियो को लेकर सरकारी कार्यालय में शराब पार्टी आयोजित किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

प्राइवेट रूम बताकर सवालों से बचते दिखे डिप्टी रेंजर

वायरल वीडियो में एक और बात ने मामले को चर्चा में ला दिया है। कार्यालय के भीतर बाहरी लोगों की मौजूदगी और पार्टी को लेकर सवाल पूछे जाने पर डिप्टी रेंजर अनुमति को लेकर सवाल करते नजर आते हैं। उन्होंने संबंधित कमरे को अपना निजी कमरा भी बताया। इसके बाद सरकारी कार्यालय के भीतर निजी कमरे और वहां संचालित गतिविधियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

अब वरिष्ठ अधिकारियों की कार्रवाई का इंतजार

सरकारी कार्यालय में इस तरह की गतिविधियां यदि हुई हैं, तो यह विभागीय अनुशासन और सरकारी परिसर के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। वीडियो सामने आने के बाद अब वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर सबकी नजर है। क्या इस मामले में जांच होगी? क्या संबंधित अधिकारी से जवाब-तलब किया जाएगा या फिर मामले को नजरअंदाज कर दिया जाएगा?

फिलहाल वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। संबंधित डिप्टी रेंजर और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष भी सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts