
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है। लोखंडी ग्राम पंचायत निवासी अभिषेक पटेल से दो अज्ञात शातिर ठगों ने 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा की है, जहां अभिषेक रकम जमा करने पहुंचा था। ठगों ने उसे बहलाकर नकली नोटों का बंडल पकड़ा दिया और असली 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने अभिषेक को 2 लाख रुपये ट्रांसफर करने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। धोखाधड़ी की भनक लगते ही अभिषेक ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित जानकारी के अनुसार, अभिषेक पटेल जब बैंक ऑफ बड़ौदा में पैसे जमा करने गया, तब दो लोग उसके पास पहुंचे। इनमें से एक ठग ने उसे 2 लाख रुपये ट्रांसफर करने का झांसा दिया और बदले में रकम देने की बात की। वहीं, दूसरे ठग ने खुद को अंजान दिखते हुए अभिषेक को मदद करने की पेशकश की और बदले में रुपये लेने की बात की। शातिर ठग ने अभिषेक को 1 लाख रुपये कमाने का झांसा दिया, जिसके बाद अभिषेक लालच में आकर तैयार हो गया।

ठगों ने अभिषेक को भरोसे में लेकर 2 लाख रुपये ट्रांसफर करने का झांसा दिया। जब अभिषेक ने शक जाहिर किया, तो ठगों में से एक ने उसे एक पैकेट थमाया जिसमें दावा किया गया कि उसमें 2 लाख रुपये के नकद नोट हैं। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने अभिषेक से 50 हजार रुपये लेकर वह पैकेट उसे सौंप दिया। इसके बाद दूसरे ठग ने अभिषेक से कहा कि वह ऑटो में बैठ जाए, वह पीछे-पीछे आ रहे हैं। लेकिन जब अभिषेक ने पैकेट खोलकर देखा, तो उसमें नोटों की जगह कागज के टुकड़े निकले।

ठगा महसूस होते ही उसने तुरंत सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। और बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य कैमरों की मदद से ठगों की तलाश जारी है।
