
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले के परपा थाना अंतर्गत ग्राम कोयेनार में एक ऐसा वाकया सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। यहां महज 9 महीने की मासूम मानवी कश्यप ने खेल-खेल में ऐसा साहसिक काम कर दिखाया, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। मानवी ने अपने छोटे-छोटे दांतों से जहरीले करैत सांप को चबा डाला, जिससे सांप की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना 13 अगस्त की है। मानवी की मां दीपिका उस दिन घर पर थीं लेकिन तबीयत खराब होने के कारण बिस्तर पर आराम कर रही थीं। परिवार के बाकी सदस्य खेत में काम कर रहे थे। मानवी कमरे में खेल रही थी। इसी दौरान दरवाजे के पीछे से एक जहरीला करैत सांप चुपचाप रेंगते हुए अंदर आया। बच्ची ने उसे खिलौना समझकर पकड़ लिया और खेलते-खेलते उस पर दांत गड़ा दिए। बच्ची के दांतों की मार इतनी तेज थी कि कुछ ही पलों में सांप ने दम तोड़ दिया।

जब मां की नजर इस नजारे पर पड़ी, तो वे घबरा गईं और तुरंत परिजनों को आवाज दी। परिवार ने बिना देर किए मानवी को मेकाज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत जांच शुरू की और 24 घंटे तक निगरानी में रखा। आश्चर्यजनक रूप से बच्ची को सांप के काटने का कोई असर नहीं हुआ, क्योंकि वह खुद काटने से पहले ही सांप की मौत हो गई थी।

अगले दिन डॉक्टरों ने मानवी को पूरी तरह स्वस्थ पाकर छुट्टी दे दी। गांव में इस घटना की चर्चा जोरों पर है। लोग मानवी की मासूमियत और अद्भुत साहस को लेकर हैरान हैं। आमतौर पर जहरीले करैत के काटने से गंभीर खतरा हो जाता है, लेकिन इस मामले में किस्मत ने बच्ची का पूरा साथ दिया। यह घटना जितनी चौंकाने वाली है, उतनी ही राहत देने वाली भी।
