
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर जिले के चिंगराजपारा स्थित गंधर्व समाज भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर आजादी का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सीबीआई मैजिस्टेड श्री प्रभाकर ग्वाल मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में गंधर्व समाज की अध्यक्ष श्रीमती कौशल्या बाई सागर, बीजेपी नेता गंधर्व समाज के सचिव राजकुमार गंधर्व जी ने भी भाग लिया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गूंज उठा और माहौल देशभक्ति से भर गया।

ध्वजारोहण के बाद अतिथियों का परिचय कराया गया। मुख्य अतिथि पूर्व सीबीआई मैजिस्टेड श्री प्रभाकर ग्वाल जी ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा, “आज का दिन हमें हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।”

समाज की अध्यक्ष श्रीमती कौशिल्या गंधर्व ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल हमारे देश के लिए गर्व का दिन नहीं, बल्कि यह हमें आपसी एकता, भाईचारे और सामाजिक सहयोग का भी संदेश देता है। उन्होंने समाज के युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि समाज और देश दोनों का विकास हो सके।

कार्यक्रम के दौरान समाज के सचिव श्री राजकुमार गंधर्व ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हमें अपने कर्तव्यों को याद रखते हुए समाज को मजबूत बनाना है। उन्होंने गंधर्व समाज के सदस्यों को एकजुट होकर समाज सेवा में आगे आने का आग्रह किया।

इस मौके पर रामकुमार गंधर्व, राम शरण गंगे, कृष्ण कुमार चौहान पंकज गंधर्व विजय सागर, दुर्गा गंधर्व, समाज के बड़ी संख्या में लोग और आस-पास के मोहल्ले के निवासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर तिरंगे को सलामी दी और एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और मिठाई वितरण के साथ हुआ, जिससे पूरे समाज में उल्लास और देशभक्ति का रंग छा गया।
