Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधभीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार हाईवा ने ली पैदल यात्री की...

भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार हाईवा ने ली पैदल यात्री की जान, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, आरोपी चालक की तलाश में पुलिस…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सिग्नल चौक के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने 50 वर्षीय पैदल यात्री अशोक तारक (पिता नकुल तारक, निवासी आजाद चौक, अभनपुर) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अशोक तारक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अशोक तारक घर के काम निपटाकर पैदल लौट रहे थे। जैसे ही वे सिग्नल चौक के पास पहुंचे, सामने से आ रही हाईवा ने अनियंत्रित गति में उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हाईवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अभनपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे वाहन और चालक की पहचान हो सके। आरोपी पकड़े जाने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मोहल्लेवासियों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए सिग्नल चौक पर यातायात नियंत्रण और गति सीमा लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार वाहन यहां आए दिन हादसों का कारण बनते हैं।

यह घटना एक बार फिर लापरवाह ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने अपील की है कि वाहन चालक गति सीमा का पालन करें और सावधानी से वाहन चलाएं, ताकि बेगुनाह लोगों की जान बच सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts