
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के लावर गांव के पास शनिवार को अरपा नदी में एक युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय नकुल केंवट के रूप में की गई है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। पूरा मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, नकुल सुबह मछली पकड़ने के इरादे से अरपा नदी की ओर गया था। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने नदी में एक शव को तैरते हुए देखा। तुरंत इसकी सूचना लावर चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लिया।

शव की स्थिति देखकर शुरुआती अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक मछली पकड़ते समय गहराई में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि मृतक के सिर के हिस्से पर चोट के निशान और खून के धब्बे पाए गए हैं, जिससे घटना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस ने एहतियातन शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

नकुल की मौत की खबर गांव में फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। परिजन गमगीन माहौल में बार-बार यही सवाल पूछते नजर आए कि आखिर नकुल की मौत कैसे हुई।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है, लेकिन सिर की चोट को देखते हुए अन्य संभावनाओं से भी इंकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जाएगी।
