Saturday, February 14, 2026
Homeअन्य खबरेबिलासपुर में जन्माष्टमी की धूम, राधे–राधे” की गूंज से गूंजा शहर,लाल बहादुर...

बिलासपुर में जन्माष्टमी की धूम, राधे–राधे” की गूंज से गूंजा शहर,लाल बहादुर शास्त्री स्कूल से निकली झांकी, हजारों लोग हुए शामिल…

बिलासपुर। बिलासपुर में जन्माष्टमी का पर्व इस बार अद्भुत आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरे शहर में भक्ति का माहौल तब और खास बन गया जब लाल बहादुर शास्त्री स्कूल से राधा–कृष्ण की भव्य झांकी निकाली गई। झांकी में राधा–कृष्ण के साथ जीवंत प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को ऐसा अहसास कराया मानो स्वयं कान्हा नगर भ्रमण पर निकले हों।

इस भव्य आयोजन में यादव समाज के हजारों लोग शामिल हुए। रथ पर सजे राधा–कृष्ण का दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे, जहां लोगों ने पुष्पवर्षा कर झांकी का अभिनंदन किया। श्रद्धालु “राधे–राधे” और भजन की धुनों पर नाचते–गाते नजर आए। पूरा शहर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

यादव समाज के शैलेन्द्र यादव ने कहा कि “जन्माष्टमी केवल यादव समाज का नहीं, बल्कि हर वर्ग के लिए आस्था और उल्लास का पर्व है। कान्हा जी के जन्मोत्सव का सभी बड़ी उत्सुकता से इंतजार करते हैं और इसे धूमधाम से मनाते हैं।” वहीं अमित यादव और विकास यादव ने बताया कि इस बार की झांकी की खासियत यह रही कि स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया। समाज के युवाओं ने खुद जिम्मेदारी संभालते हुए रैली के मार्ग में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की, ताकि कहीं भी गंदगी न फैले।

विकास यादव ने कहा कि झांकी ने बिलासपुर के लोगों को भक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। नगरवासियों ने इसे ऐतिहासिक आयोजन करार दिया। जन्माष्टमी पर निकली यह रैली न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक सहयोग और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का भी संदेश छोड़ गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts