
बिलासपुर। बिलासपुर शहर में बढ़ते अपराध और लगातार फैल रही अशांति को रोकने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। रविवार को सरकंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आदतन बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने इलाके में उपद्रव फैलाने वाले 10 शरारती तत्वों को पकड़कर पूरे इलाके में जुलूस निकाला।
सूत्रों के अनुसार, ये सभी बदमाश क्षेत्र में आए दिन झगड़ा-फसाद और असामाजिक गतिविधियों में शामिल रहते थे, जिससे स्थानीय लोग काफी परेशान थे। कई बार समझाइश देने के बावजूद इनकी आदतों में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करने का फैसला लिया।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बदमाशों को थाने से बाहर लाकर सड़क पर कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई और फिर पूरे क्षेत्र में जुलूस निकाला। इस कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। लोग पुलिस की इस सख्ती से संतुष्ट नजर आए और इसे अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाइयों का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों में भय पैदा करना है, ताकि वे भविष्य में अपराध करने से पहले कई बार सोचें। साथ ही, आम जनता का भरोसा भी पुलिस पर कायम रहे।

गौरतलब है कि सरकंडा सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में भी पिछले कुछ दिनों से आपराधिक घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है। ऐसे में पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई न केवल चेतावनी है, बल्कि अपराधियों को सुधारने का एक अवसर भी है। पुलिस का साफ संदेश है कि यदि कोई भी व्यक्ति समाज की शांति भंग करेगा, तो उसके खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
