
बिलासपुर। पैसा डबल करने का झांसा देकर लोगों की मेहनत की गाढ़ी कमाई लूटने का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। कस्तूरबा नगर, सिंधी कॉलोनी निवासी हीरा भागवानी पर आरोप है कि उन्होंने वेस्टीज कंपनी के नाम का सहारा लेकर करोड़ों की ठगी की है। बताया जाता है कि भागवानी लोगों को मीटिंग और बड़े प्रोग्राम के जरिए निवेश के लिए तैयार करता था। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए कुछ लोगों को छोटी-छोटी रकम वापस भी की गई, ताकि लोग अधिक निवेश करें।
पीड़ितों के अनुसार, आरोपी ने दावा किया था कि निवेश की गई राशि 50 दिनों में दोगुनी होकर लौटेगी। इस लालच में कई लोग फंस गए और लगातार ऑनलाइन पेमेंट करने लगे। ठगी के लिए हीरा भागवानी और उनकी पत्नी नायरा भागवानी के मोबाइल नंबरों व UPI आईडी का इस्तेमाल किया गया। लाखों रुपए ट्रांसफर करने के बाद जब निवेशकों ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने तीन महीने का समय मांगा। लेकिन अब न तो उनका मोबाइल लग रहा है और न ही घर खुला है। पड़ोसियों का कहना है कि यह कोई छोटा खेल नहीं बल्कि लंबे समय से चल रहा करोड़ों का फर्जीवाड़ा है।

पीड़ितों ने सामूहिक रूप से सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और ठगी के इस खेल का सच जल्द सामने आने की बात कही है।

गौरतलब है कि शहर में इससे पहले भी कई कंपनियां “पैसा डबल स्कीम” और “जल्दी अमीर बनो” जैसे झांसे देकर भाग चुकी हैं। बावजूद इसके लोग अब भी ऐसे लालच में फंस जाते हैं। सूत्रों के अनुसार, हीरा भागवानी ने इस ठगी से करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर ली थी और कई शहरों में बिजनेस फैला रखा था। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच इस ठगी के जाल को कितना गहराई तक उजागर कर पाती है।
