कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने मामूली विवाद को लेकर अपनी ही मां की हत्या कर दी। यह दर्दनाक वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र के मरदापोटी गांव की है। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मरदापोटी निवासी द्रोपदी सलाम अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी हुई हैं। महिला के माथे पर चोट के गहरे निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे संदिग्ध मानते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

जांच के दौरान ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की गई तो शक घर के छोटे बेटे अनु सलाम पर गया। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो अनु ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि बड़े पिताजी के घर “नया खाने” न जाने की बात को लेकर उसकी मां से बहस हुई थी। बहस बढ़ते ही उसने गुस्से में लाठी-डंडे से मां के सिर पर हमला कर दिया। जब इसके बाद भी मां की सांसें चल रही थीं तो उसने साड़ी से गला दबाकर उनकी जान ले ली।

एडिशनल एसपी दिनेश सिन्हा ने बताया कि आरोपी अनु सलाम की उम्र 21 वर्ष है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह घटना न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव के लिए गहरी सदमे वाली साबित हुई है। मामूली विवाद में बेटे द्वारा मां की बेरहमी से हत्या ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है और यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि गुस्से में उठाया गया एक गलत कदम किस तरह से जीवनभर का पछतावा बन जाता है।
