Wednesday, February 11, 2026
Homeअन्य खबरेआवारा कुत्तों का आतंक, दो साल की मासूम पर हमला, हालत नाजुक...

आवारा कुत्तों का आतंक, दो साल की मासूम पर हमला, हालत नाजुक…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिला है। बीरगांव के गाजी नगर वार्ड क्रमांक 29 में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब महज दो साल की बच्ची अनाया पर आधा दर्जन आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बच्ची घर के बाहर गली में खेल रही थी। तभी अचानक कई कुत्ते उस पर टूट पड़े और उसे बुरी तरह काटने लगे। इस दौरान बच्ची के सिर, गाल और हाथों पर गहरे जख्म हो गए। सिर से मांस तक निकल जाने से स्थिति बेहद गंभीर हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर कुत्तों को भगाया और घायल बच्ची को तुरंत डीकेएस अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत नाजुक है और उसके सिर पर दो जगह सर्जरी की तैयारी चल रही है।

परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। बच्ची के पिता गुलाम मुस्तफा ऑटो चालक हैं और घर की आर्थिक स्थिति भी बहुत मजबूत नहीं है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि बीरगांव में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। दिन हो या रात, कुत्तों का झुंड लोगों को दौड़ाने और काटने पर आमादा रहता है। हालात यह हैं कि इलाके में रोजाना 10 से 15 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से न तो कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था की गई है और न ही नसबंदी की कोई ठोस योजना लागू है।

इसके अलावा, सरकारी अस्पतालों में डॉग बाइट के बाद लगाए जाने वाले इंजेक्शन की भी कमी बताई जा रही है। इससे पीड़ितों को निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां महंगे दाम चुकाने पड़ते हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कुत्तों की बढ़ती संख्या पर जल्द कार्रवाई हो, ताकि इस तरह की भयावह घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts