
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में एक बार फिर लापरवाह एंबुलेंस चालक की हरकत ने एक निर्दोष की जान ले ली। मामला खैरागढ़ थाना क्षेत्र के दाऊचौरा गांव का है, जहां तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद एंबुलेंस बाइक को घसीटते हुए एक मकान की दीवार तोड़कर घर के अंदर घुस गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस की गश्ती टीम ने तत्काल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 27 वर्षीय युवक के रूप में हुई है, जो डोंगरगांव ब्लॉक के ग्राम दीवानझिटिया का रहने वाला था। घटना से पूरे गांव और परिजनों में मातम पसरा हुआ है। वहीं एंबुलेंस चालक की भी पहचान हो गई है। बताया जा रहा है कि चालक भी डोंगरगांव ब्लॉक का ही निवासी है और हादसे के समय नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार एंबुलेंस गातापार जंगल क्षेत्र से एक मरीज को घर छोड़कर वापस राजनांदगांव लौट रही थी। तभी दाऊचौरा के पास यह बड़ा हादसा हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। रक्षाबंधन के दिन भी एक एंबुलेंस चालक ने मोपेड सवार युवती को टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में आक्रोश है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एंबुलेंस जैसी संवेदनशील सेवा में लगे चालकों की लापरवाही और शराबखोरी से आमजन की जान खतरे में पड़ रही है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए और एंबुलेंस सेवा की नियमित निगरानी हो। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
