
रायपुर। मेडिकल के छात्रों के लिए राहत की खबर है। नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) ने छत्तीसगढ़ में MBBS की 150 नई सीटों को मंजूरी दे दी है। अब राज्य के मेडिकल कॉलेजों में प्रथम वर्ष MBBS के लिए कुल 2255 सीटों पर एडमिशन होगा। इस फैसले से रायपुर और भिलाई के मेडिकल कॉलेजों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। रायपुर स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज को 100 और भिलाई के शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज को 50 अतिरिक्त सीटें मिली हैं। अब बालाजी मेडिकल कॉलेज में 250 और शंकराचार्य कॉलेज में 200 सीटें उपलब्ध होंगी।

रावतपुरा मेडिकल कॉलेज पर लगा बैन
NMC ने संबद्धता प्रक्रिया में गड़बड़ी और अनियमितताओं के कारण रावतपुरा मेडिकल कॉलेज को जीरो ईयर घोषित कर दिया है। इसका मतलब यह है कि मौजूदा शैक्षणिक सत्र में यहां MBBS प्रथम वर्ष में किसी भी छात्र का एडमिशन नहीं होगा। पहले इस बैन से छात्रों को नुकसान उठाना पड़ रहा था, लेकिन 150 सीटें बढ़ने के बाद यह नुकसान काफी हद तक पूरा हो गया है।

काउंसलिंग शेड्यूल बदलेगा
सीटें बढ़ने के बाद मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने देशभर में चल रही दूसरे चरण की काउंसलिंग फिलहाल रोक दी है। अब नए सिरे से सीट मैट्रिक्स एडजस्ट करने के बाद संशोधित शेड्यूल जारी होगा। छात्रों को च्वाइस फिलिंग का एक और मौका दिया जाएगा। वहीं NRI कोटे के छात्रों के दस्तावेजों का वेरीफिकेशन भी जारी है।

छात्रों को होगा फायदा
सीटें बढ़ने से कटऑफ घटने की उम्मीद है। ऐसे में छात्रों को एडमिशन में ज्यादा अवसर मिलेंगे और प्रतिस्पर्धा भी पहले की तुलना में कम होगी।
