
बिलासपुर। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को और अधिक अनुशासित बनाने के उद्देश्य से जिला एवं यातायात पुलिस बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश पर यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाए गए हैं। इसी क्रम में कुल 610 प्रकरणों में संबंधित चालकों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन केवल चालान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अब दोषी वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाना, गलत दिशा में गाड़ी चलाना, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाना, तेज और लापरवाह ड्राइविंग, सिग्नल जंप करना, खतरनाक तरीके से स्टंट करना और मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोना जैसी गंभीर लापरवाहियों पर सीधे लाइसेंस निलंबन और बार-बार उल्लंघन की स्थिति में निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क हादसों के पीछे सबसे बड़ी वजह यातायात नियमों का पालन न करना है। यही कारण है कि ऐसे सभी प्रकरणों में न केवल अदालत में चालकों को भारी जुर्माने का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के माध्यम से उनका लाइसेंस भी निलंबित या निरस्त किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कई मामलों में अदालत ने चालकों को ₹10,000 से अधिक का दंड भी लगाया है।

आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के 550 से अधिक कैमरों की मदद से लगातार निगरानी रखी जा रही है। हर वाहन चालक की उल्लंघन संबंधी जानकारी आईटीएमएस सर्वर में सुरक्षित है। यदि कोई चालक बार-बार नियम तोड़ता है तो उसका लाइसेंस स्वतः निरस्त हो जाएगा। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि दोबारा उल्लंघन करने वालों पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई केवल दंडात्मक नहीं बल्कि जनजागरूकता का भी हिस्सा है। सड़क पर अनुशासन और सुरक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है जब हर नागरिक जिम्मेदारी समझकर यातायात नियमों का पालन करे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय न केवल खुद नियमों का पालन करें, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
यातायात पुलिस बिलासपुर का मानना है कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था नागरिकों की भागीदारी से ही संभव है। नियमों का पालन करने से जहां दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा, वहीं शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम होगी। पुलिस ने आमजनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह शहर हमारा है और इसकी यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
