
बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले से शर्मनाक कर देने वाली खबर सामने आई है। सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम कामता स्कूल के प्राचार्य पर नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। जिस शिक्षक पर अभिभावक अपनी बेटियों की शिक्षा का भरोसा जताते थे, वही उनकी मासूमियत का शिकार बना।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्राचार्य, 52 वर्षीय देवलाल साहू, पर आरोप है कि वह जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के बहाने छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करता था। पहला मामला 28 अगस्त को सामने आया, जिसके बाद 30 अगस्त और 19 सितंबर को भी ऐसी घटनाएं हुईं। 19 सितंबर को एक नाबालिग छात्रा ने हिम्मत जुटाकर सिमगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसकी इस बहादुरी से प्रेरित होकर अन्य पीड़ित छात्राओं ने भी अपनी आवाज उठाई।

शिकायत के आधार पर 20 सितंबर को सिमगा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 9(G), 10, 11, और 12(VI) के तहत तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज कीं। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जांच में पता चला कि प्राचार्य लंबे समय से कई छात्राओं का शोषण करता रहा और डर व धमकियों के कारण वे चुप रहने को मजबूर थीं।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है। समाज में शिक्षक जैसे सम्मानित पद पर बैठे व्यक्ति की ऐसी हरकत ने शिक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
