Monday, March 30, 2026
Homeअपराधप्रेम में पागलपन! युवती के इनकार पर खुलेआम चाकू से वार, मौके...

प्रेम में पागलपन! युवती के इनकार पर खुलेआम चाकू से वार, मौके पर मचा हड़कंप, इलाज के दौरान हुई युवती की मौत…

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। पेट्रोल पंप पर काम करने वाली एक युवती को उसके आशिक ने दिनदहाड़े चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान विद्यावती के रूप में हुई है, जो गांधी नगर थाना क्षेत्र के चोपड़ापारा स्थित काली मंदिर के पास श्री कृपा फ्यूल्स, रिंग रोड पेट्रोल पंप में कार्यरत थी। जानकारी के अनुसार, विद्यावती का बलरामपुर निवासी जोगेंद्र पैंकरा से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले युवती ने रिश्ता खत्म कर दिया, जिससे नाराज आरोपी पिछले कुछ दिनों से उसे मनाने के लिए पंप पर पहुंच रहा था।

दोपहर करीब 12 बजे आरोपी एक बार फिर पेट्रोल पंप पहुंचा और बातचीत के बहाने युवती के पास गया। लेकिन जब विद्यावती ने दोबारा संबंध बनाने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने अचानक जेब से चाकू निकालकर उस पर वार कर दिया। पहला वार लगते ही युवती चिल्लाते हुए पंप परिसर में भागी, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा करते हुए लगातार कई वार किए।

मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, जिसमें एक कर्मचारी भी हाथ में घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल विद्यावती को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

इस घटना से इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है। लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts