
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में आगामी त्योहारों—दीपावली, भैया दूज और छठ—को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसी कड़ी में शनिवार देर शाम जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त अगुवाई में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका उद्देश्य था कि त्योहारी सीजन में शहर और ग्रामीण इलाकों में शांति व सौहार्द का माहौल कायम रहे और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को खत्म किया जा सके।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने किया। पुलिस बल ने शहर के प्रमुख हिस्सों से होते हुए मार्च निकाला। इसकी शुरुआत गोल बाजार से हुई और यह सदर बाजार, सिम्स चौक, देवकीनंदन चौक, मुख्य बाजार मार्ग सहित भीड़भाड़ और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।

फ्लैग मार्च में सीएसपी निमितेश सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मतराम साहू, कोतवाली थाना प्रभारी देवेश राठौर सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस बल की सड़कों पर सक्रिय उपस्थिति ने न केवल दुकानदारों और आम नागरिकों को सुरक्षा का एहसास कराया, बल्कि अपराधियों को भी यह स्पष्ट संदेश दिया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि, त्योहारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त गश्त की व्यवस्था की है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हर स्थिति में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों का असली उद्देश्य आपसी भाईचारा और खुशी है, और पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि आमजन बिना किसी डर के उत्सव मना सकें।

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस का काम केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि नागरिकों को यह भरोसा दिलाना भी है कि वे हर परिस्थिति में सुरक्षित हैं। इसके लिए उन्होंने अपनी टीम को निर्देश दिए हैं कि किसी भी सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया दें और सतर्कता में कोई कमी न रहने दें।

फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों में मौजूद लोगों ने पुलिस की मुस्तैदी को सराहा। दुकानदारों ने बताया कि त्योहार के समय भारी भीड़ रहती है और ऐसे में पुलिस की सक्रियता से उन्हें राहत महसूस होती है। वहीं आम नागरिकों का कहना था कि प्रशासन की तैयारियां देखकर त्योहार मनाने का उत्साह और बढ़ गया है।

इस तरह फ्लैग मार्च ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था की झलक पेश की, बल्कि त्योहारों के मौके पर जनता को यह भरोसा भी दिलाया कि पुलिस और प्रशासन हर स्तर पर तैयार है। त्योहारों के दिनों में सुरक्षा के साथ-साथ शांति और सौहार्द कायम रखना ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है।
