
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के साइंस कॉलेज में एमएससी की पढ़ाई कर रही 25 वर्षीय छात्रा प्रज्ञा शर्मा ने सुंदरनगर स्थित किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें छात्रा ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को छात्रा की सहेली जब उससे मिलने पहुंची, तो दरवाजा खुला था। भीतर जाने पर उसने देखा कि प्रज्ञा शर्मा की लाश सीलिंग फैन के रॉड से लटकी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

सुसाइड नोट में दर्दभरी पंक्तियाँ
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रज्ञा ने सुसाइड नोट में लिखा कि उसे “पिता का प्यार नहीं मिला।” बताया जा रहा है कि उसके माता-पिता के बीच अलगाव हो चुका था। पिता गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, जबकि मां महासमुंद में शासकीय सेवा में पदस्थ हैं।

पुलिस का कहना है कि, मृतका के परिजन शोक में हैं, इसलिए उनका विस्तृत बयान अभी दर्ज नहीं किया गया है। प्रारंभिक जांच में खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर से छात्रों में बढ़ते मानसिक तनाव और एकाकीपन के मुद्दे को उजागर किया है। पुलिस आत्महत्या के पीछे के भावनात्मक और सामाजिक कारणों की भी पड़ताल कर रही है। जांच टीम मोबाइल, सोशल मीडिया चैट और मित्र मंडली से पूछताछ के जरिए सुराग तलाशने में जुटी है।
