
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक युवक ने प्रेमिका से विवाद के बाद तनाव में आकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन लोगों की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसकी जिंदगी बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा इलाके में रहने वाला युवक बीते कुछ दिनों से अपनी गर्लफ्रेंड के साथ चल रहे मतभेदों को लेकर परेशान था। सोमवार (27 अक्टूबर) की सुबह करीब 11:50 बजे जब वह घर से दुकान जाने निकला, तभी प्रेमिका का फोन आया। फोन पर हुई बहस के बाद युवक ने गुस्से में मोबाइल बंद कर दिया और सीधे मंदिर हसौद-परसदा रोड की ओर निकल गया।

रेडियम ब्रिज के पास पहुंचकर युवक ने स्कूटी सड़क किनारे खड़ी की और रेलवे ट्रैक की तरफ पैदल चला गया। वह गुजरने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था ताकि अपनी जान दे सके।

इसी बीच आसपास के लोगों की नजर उस पर पड़ी। स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने तत्काल सीएसपी माना लंबोदर पटेल और मंदिर हसौद थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर ट्रैक से हटा लिया।

थाने में पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि गर्लफ्रेंड से झगड़े के कारण वह मानसिक रूप से टूट गया था। पुलिस ने उसे काउंसलिंग दी, परिजनों को बुलाया और सुरक्षित उनके हवाले किया।
सीएसपी लंबोदर पटेल ने बताया कि “लोगों की सतर्कता और समय पर सूचना से एक बड़ी घटना टल गई। युवक अब सुरक्षित है और उसने दोबारा ऐसा कदम न उठाने का वादा किया है।”
पुलिस ने अपील की है कि किसी भी विवाद या तनाव की स्थिति में लोग परिवार या मित्रों से बात करें, मदद लें — क्योंकि जिंदगी से कीमती कुछ नहीं।
