बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। तिवारी होटल के पास बैठे जमीन का काम करने वाले दो लोगों पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना शाम करीब 6 बजे के आसपास की बताई जा रही है। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन नकाबपोश युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पहुंचते ही बिना कुछ बोले फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से नितेश सिंह के रिश्तेदार चंद्रकांत सिंह ठाकुर और कर्मचारी राजू ठाकुर घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि घायलों की हालत गंभीर है। फिलहाल दोनों की इलाज अपोलो अस्पताल जारी है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। सड़क पर कई गोलियों के खाली खोखे मिले हैं और खून के निशान अब भी देखे जा सकते हैं। आसपास के व्यापारियों ने तुरंत दुकानों के शटर गिरा दिए। पुलिस को सूचना मिलते ही मस्तूरी टीआई हरीश टांडेकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।

प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने सभी थानों में अलर्ट जारी कर दिया है और जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुरानी रंजिश या राजनीतिक विवाद? पुलिस कर रही जांच..
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग का कारण पुरानी रंजिश, राजनीतिक विवाद या व्यक्तिगत दुश्मनी तो नहीं है।

मस्तूरी क्षेत्र में इस तरह दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना ने लोगों में डर और गुस्सा दोनों पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर कई दिनों से तनाव चल रहा था, लेकिन इस तरह की हिंसक वारदात की किसी ने कल्पना नहीं की थी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायलों के बयान दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, शहर में इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
