
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग में नाबालिग प्रेमी ने अपनी नाबालिग प्रेमिका की हत्या कर उसके शव को चिरंगा नाले के पास दफना दिया था। तीन महीने बाद पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र की एक किशोरी अंबिकापुर के पटपरिया इलाके में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम ससौली निवासी एक नाबालिग लड़के से हुई। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत और मुलाकातें बढ़ीं और धीरे-धीरे उनका रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया।

3 अगस्त को नाबालिग प्रेमी, प्रेमिका से मिलने उसके किराए के मकान पर पहुंचा। बातचीत के दौरान किशोरी ने उस पर शादी का दबाव बनाया। इस पर प्रेमी ने कहा कि दोनों अभी नाबालिग हैं। इसके बाद वह उसे बाइक से घुमाने के बहाने बतौली थाना क्षेत्र के बुढ़ाआमा पिकनिक स्पॉट ले गया। लौटते वक्त दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद प्रेमी ने गुस्से में आकर किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को चिरंगा नाले के पास जंगल में दफना दिया और किसी को कुछ बताए बिना गांव लौट आया। जब किशोरी कई दिनों तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई।

पुलिस ने जांच के दौरान प्रेम-प्रसंग के एंगल पर काम करते हुए नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में उसने पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चिरंगा नाले के पास पहुंचकर कब्रनुमा जगह से किशोरी के कंकाल और कपड़े बरामद किए।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना इलाके में सनसनी का कारण बन गई है।
