
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के घोघरा नाला इलाके में देर रात शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद एक युवक की जान ले बैठा। मृतक रोहित महंत की उसके ही परिचित युवकों ने बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कैसे हुआ खूनी विवाद?
शुक्रवार 15 नवंबर की रात करीब 8 बजे प्रार्थी प्रमोद कुर्रे की रिपोर्ट के अनुसार, सागर कर्ष और उसके साथी रवि चतुर्वेदानी अपनी दुकान के पास शराब पी रहे थे। तभी रोहित महंत वहां पहुंचा और सागर को गालियां देने लगा। माहौल गरम हुआ और सागर ने रोहित को थप्पड़ मार दिए। स्थिति बिगड़ती देख रोहित वहां से भाग गया।

लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। करीब 9:30 बजे सागर कर्ष अपने पांच दोस्तों—नागेश्वर नायडू, अश्वनी सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू—के साथ मुक्तिधाम के पास बैठा था। तभी रोहित फिर वहां पहुंचा और दोबारा गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
गुस्से ने ले ली जान
पुलिस जांच में सामने आया कि लगातार गाली देने पर सागर और उसके दोस्तों ने मिलकर रोहित पर हमला कर दिया। सागर ने डंडे से उसके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह गिर पड़ा। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर रोहित का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत वहीं हो गई। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
चांपा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
हत्या की सूचना मिलते ही एसपी विजय कुमार पांडेय, एएसपी उमेश कश्यप और एसडीओपी यदुमणी सिदार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने रात में ही चारों ओर घेराबंदी कर दी। कुछ ही घंटों में सभी आरोपी अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिए गए। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- सागर कर्ष
- नागेश्वर नायडू
- अश्वनी सतनामी
- विजय श्रीवास
- विनय कुर्रे
- आकाश उर्फ अज्जू साहू


