Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधदोस्ती का कत्ल: तंबाखू न देने पर बेरहमी से पीट–पीटकर ले ली...

दोस्ती का कत्ल: तंबाखू न देने पर बेरहमी से पीट–पीटकर ले ली जान, रास्ते में दम तोड़ गया युवक…

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। मामूली-सी तंबाखू की मांग को लेकर दो दोस्तों के बीच शुरू हुआ विवाद इतनी भयावह घटना में बदल गया कि एक युवक की जान चली गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या कांड में आरोपी संदीप एक्का को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र का है।

कैसे शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, 19 नवम्बर को प्रार्थी विद्याधर राम, उम्र 57 वर्ष, निवासी ग्राम कोनकेल चराईखारा थाना नारायणपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मृतक अशोक राम का चाचा है। 18 नवम्बर की शाम करीब 6 बजे मृतक अशोक राम और आरोपी संदीप एक्का गांव के ही एक व्यक्ति के आंगन में आग ताप रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने मृतक से खाने के लिए तंबाखू मांगी। अशोक राम ने साफ कहा कि “मेरे पास इतना पैसा नहीं है कि रोज-रोज तंबाखू खिलाऊँ।” इस बात पर आरोपी संदीप एक्का भड़क गया और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

मारपीट में बदल गया मामूली तकरार

विवाद बढ़ने पर मृतक अशोक राम वहां से उठकर अपने घर की ओर चल पड़ा। लेकिन आरोपी संदीप एक्का भी उसके पीछे-पीछे पहुंच गया। गुस्से से तमतमाए आरोपी ने मृतक को पकड़कर बेरहमी से हाथ-मुक्कों से मारना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान अशोक राम जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुका। उसने मृतक के सीने पर कई ताबड़तोड़ लातें मारीं और फिर मौके से फरार हो गया।

ग्रामवासियों ने दी सूचना, पर बच न सकी जान

घटना के बाद ग्रामवासियों ने तुरंत सरपंच को सूचना दी। सरपंच जब मृतक के घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि अशोक राम दर्द से तड़प रहा था। पूछताछ करने पर घायल युवक ने खुद बताया कि आरोपी संदीप एक्का ने ही उसे बुरी तरह पीटा है। रातभर दर्द से कराहते रहे अशोक राम की अगले दिन सुबह स्थिति गंभीर हो गई। परिजन और ग्रामीण इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि अशोक राम की मौत शरीर पर आई गंभीर चोटों और मारपीट के कारण हुई है।

त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर थाना पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी संदीप एक्का (36 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों की सक्रिय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार कश्यप, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, पुरन चंद पटेल, आरक्षक इसदोर एक्का तथा नगर सैनिक ओमप्रकाश यादव की अहम भूमिका रही।

एसएसपी का बयान

एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि “तंबाखू मांगने को लेकर दो लोगों के बीच विवाद हुआ था। मारपीट में घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।”

गांव में इस घटना के बाद दहशत और दुख का माहौल है। लोग हैरान हैं कि एक साधारण-सा विवाद कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts