
बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करमरी गांव में घरेलू विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह तोड़ कर रख दिया। खाना बनाने को लेकर हुए तकरार में पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद तीन मासूम बच्चे मां के बिना अनाथ हो गए।

मृत महिला की पहचान पूर्णिमा उर्फ फुरनी बघेल के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 15 साल पहले रेंगा बघेल से हुई थी। जानकारी के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने लकड़ी के बत्ते से पत्नी पर हमला कर दिया, जिसके कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजन जब घर पहुंचे तो फुरनी खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली। महिला के सिर और नाक पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी रेंगा बघेल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारा कि पत्नी पिछले दो-तीन दिनों से उसे उलाही दे रही थी, इसी बात से गुस्सा कर उसने यह कदम उठा लिया। उसके इस बयान से परिवार और ग्रामीण दोनों स्तब्ध रह गए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उपयोग किए गए लकड़ी के बत्ते को जब्त कर लिया है। मामले में विस्तृत जांच जारी है।
