
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ मात्र 100 रुपए को लेकर पिता-पुत्र के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए पिता ने अपने ही बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे रायपुर के एम्स अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

100 रुपए को लेकर कहासुनी, फिर ताबड़तोड़ हमला
घटना डौंडी थाना क्षेत्र के धोबनी गांव की है। यहां रहने वाले कोमल दुग्गा ने 22 नवंबर की रात अपने पिता सुमन दुग्गा से बल्ब खरीदने के लिए 100 रुपए मांगे थे। इतनी सी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। पहले मामूली नोकझोंक हुई, लेकिन बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुँच गई।
बताया जा रहा है कि गुस्से से तमतमाए पिता ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और कोमल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से कोमल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

घायल को गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल कोमल को स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर एम्स रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक के सिर और कंधे पर गहरे घाव आए हैं और उसका इलाज आईसीयू में किया जा रहा है।

पिता बेटे को मरा समझकर थाने जा रहा था, पुलिस ने बीच रास्ते में पकड़ा
हमले के बाद आरोपी पिता घर से निकलकर थाने की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह बेटे को मृत समझकर खुद ही सरेंडर करने जा रहा था, लेकिन इसी बीच पुलिस मौके पर पहुँच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद धोबनी गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसी घटना ने सभी को हिला दिया है कि 100 रुपए जैसे छोटे से कारण पर इस तरह का हिंसक कृत्य हो सकता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामले को दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों और हमले से पहले की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। वहीं परिवार के अन्य सदस्यों से भी बयान लिए जा रहे हैं।
यह सनसनीखेज घटना न केवल बालोद बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है।
