
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना में आज शाम आपसी रंजिश के चलते एक दर्दनाक वारदात सामने आई, जहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी। आपसी विवाद सुबह से ही चल रहा था, लेकिन शाम को मामला इतना बिगड़ गया कि यह खूनी रूप ले लिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक राजू निर्मलकर ठेका मजदूर था, जबकि उसका छोटा भाई कोई काम नहीं करता था। आर्थिक तनाव और घरेलू कलह के कारण दोनों भाइयों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। आज सुबह भी दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और बात मारपीट तक पहुंच गई। मोहल्ले वालों ने उन्हें समझाकर अलग किया था, लेकिन शाम होते-होते झगड़ा फिर भड़क उठा।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान छोटे भाई ने गुस्से में अपनी पत्नी से हंसिया मंगवाया और अचानक बड़े भाई राजू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में राजू के पैरों में गहरी चोटें आईं और खून बहना शुरू हो गया। शोर सुनकर मृतक का साला सुखदेव सिंह मौके पर पहुंचा, तब तक राजू गंभीर रूप से घायल हो चुका था और खून से लथपथ जमीन पर गिरा हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत एंबुलेंस बुलाकर राजू को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल शव को सुपेला अस्पताल के मर्चुरी में रखा गया है और कल पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

इधर पुलिस ने आरोपी छोटे भाई और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद और बेरोजगारी को लेकर दोनों भाइयों के बीच तनाव लंबे समय से जारी था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या वारदात अचानक गुस्से में की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे घटनाक्रम को कई एंगल से जांच रही है। इलाके में हुई इस सनसनीखेज वारदात से मोहल्लेवासी आहत हैं और सभी इसे एक बड़ी पारिवारिक त्रासदी के रूप में देख रहे हैं।
