
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक चौंकाने वाली और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जहाँ एक सरकारी स्कूल परिसर में कथित तौर पर तांत्रिक गतिविधि किए जाने से हड़कंप मच गया है। स्कूल के प्रिंसिपल कार्यालय के ठीक सामने काला जादू से जुड़ा सामान मिलने के बाद शिक्षक, छात्र और स्टाफ दहशत में हैं।

यह मामला ग्राम करंजी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्कूल परिसर में तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री रखी गई, जिसमें लाल कपड़ा, कटे हुए नींबू, सिंदूर, लाल धागा और अधूरा पुतला शामिल है। इसके साथ ही जमीन पर तांत्रिक प्रतीकों जैसी रंगोली भी बनाई गई थी।

सुबह स्कूल पहुंचते ही सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, 17 दिसंबर को स्कूल की प्रिंसिपल देवयानी चौधरी जब विद्यालय पहुंचीं, तो उनके कार्यालय के सामने यह अजीबोगरीब दृश्य दिखाई दिया। तांत्रिक सामग्री देखकर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और भय का माहौल बन गया।
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना तुरंत जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई। प्रिंसिपल देवयानी चौधरी ने मामले की गंभीर जांच कर दोषियों की पहचान और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और विद्यालय परिसर में डर का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल परिसर में सुरक्षा पर सवाल
इस घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और मानसिक शांति पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह हरकत किसी शरारत का हिस्सा है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश।
