Wednesday, February 11, 2026
Homeअन्य खबरेSSP रजनेश सिंह का अचानक सरकण्डा थाना निरीक्षण, फरियादियों से सीधे संवाद...

SSP रजनेश सिंह का अचानक सरकण्डा थाना निरीक्षण, फरियादियों से सीधे संवाद कर सुनीं समस्याएं, थाना प्रभारी प्रदीप आर्य की कार्यशैली पर मुहर, मिलेगा नगद पुरस्कार…

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने थाना सरकण्डा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का गहन अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर में मौजूद फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीसीटीएनएस और रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा
सीसीटीएनएस कक्ष में पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ऑपरेटर से सिस्टम में दर्ज प्रकरणों एवं रिकॉर्ड अपडेट की स्थिति की जानकारी ली। थाना में पंजीबद्ध सभी प्रकरणों के फार्म समय पर अपडेट पाए जाने पर सीसीटीएनएस आरक्षक रविशंकर ध्रुव को पुरस्कार देने की घोषणा की गई।

पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन में सराहनीय कार्य
रीडर शाखा में पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। दिसंबर माह से पूर्व कोई भी पासपोर्ट आवेदन लंबित न होने और चरित्र सत्यापन का समय पर निराकरण होने पर रीडर आरक्षक लालबहादुर कुर्रे को उचित इनाम देने की अनुशंसा की गई। साथ ही लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए।

विवेचना कार्य में बेहतर प्रदर्शन पर सम्मान
विवेचक कक्ष में एसएसपी ने स्वयं लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। निरीक्षण में पाया गया कि सउनि प्रवीण लाल एवं प्रधान आरक्षक राजेश्वर छत्री के पास वर्ष 2024 व पूर्व का कोई भी मामला लंबित नहीं है तथा वर्ष 2025 का केवल एक-एक प्रकरण लंबित है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए दोनों विवेचकों को इनाम देने की घोषणा की गई। अन्य विवेचकों को भी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

गश्त और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, चोरी व नकबजनी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर सख्त हिदायत देने तथा सक्रिय अपराधियों पर समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

35 बदमाशों पर कार्रवाई, आर्म्स एक्ट में भी केस
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य ने जानकारी दी कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। हाल के दिनों में 35 गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। शुक्रवार को ही 6 बदमाशों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस तथा एक बदमाश के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जिनमें चाकूबाजी जैसे गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त अपराधी भी शामिल हैं।

आर्म्स एक्ट की कार्रवाई से संतुष्ट होकर प्रधान आरक्षक विजय पाण्डे तथा थाना के सुचारू संचालन के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य को नगद इनाम देने की घोषणा की गई।

वर्ष अंत में कर्मचारियों को इनाम का आश्वासन
निरीक्षण के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी विवेचकों को अपराध निराकरण में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए तथा वर्ष के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को उचित इनाम दिए जाने का आश्वासन भी दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts