
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के गेवरा-दीपका कोल क्षेत्र में स्थित कलिंगा कॉरपोरेशन (KCC) डेको कंपनी के साइट ऑफिस में मंगलवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब छुट्टी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर (जीएम) महेश कुमार पर कर्मचारियों ने कथित तौर पर हमला कर दिया।

घटना SECL दीपका खदान क्षेत्र के साइट ऑफिस की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, छुट्टी और हाजिरी को लेकर कर्मचारियों और प्रोजेक्ट मैनेजर के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्साए कर्मचारियों ने महेश कुमार के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और उन पर मिट्टी का गमला भी फेंका गया। इस दौरान ऑफिस की खिड़की भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दीपका थाना पुलिस और CISF की QRT टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

कंपनी प्रबंधन का पक्ष
KCC कंपनी के एल एंड आर हेड (जीएम) विकास दुबे ने बताया कि विवाद छुट्टी के मुद्दे से शुरू हुआ था, जिसे कुछ लोगों ने बेवजह बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट मैनेजर पर हमला किया गया और ऑफिस में तोड़फोड़ की गई।

मजदूरों की दलील
वहीं मजदूरों का कहना है कि सोमवार को दीपका में आयोजित छत्तीसगढ़ी संस्कृति कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुछ कर्मचारियों ने छुट्टी ली थी। वापस लौटने पर उनकी हाजिरी काट दी गई, जिससे नाराजगी बढ़ी। मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रोजेक्ट मैनेजर का व्यवहार उनके प्रति ठीक नहीं रहता, इसी कारण विवाद ने उग्र रूप ले लिया।

पुलिस कार्रवाई
प्रोजेक्ट मैनेजर महेश कुमार की शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर दीपका पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
