
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। अमलीडीह स्थित मारुति रेजिडेंसी में रहने वाली 18 वर्षीय युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, युवती के पिता महेंद्र पटेल मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में दर्ज लगभग तीन साल पुराने एनडीपीएस एक्ट के मामले में आरोपी हैं। पुलिस के अनुसार, महेंद्र पटेल लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ अब तक चार बार गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।

इसी मामले में पूछताछ के लिए मंदिर हसौद थाना पुलिस की एक टीम जिसमें दो पुरुष आरक्षक और एक महिला आरक्षक शामिल थे—युवती के घर पहुंची। पुलिस ने उसकी मां को थाने चलने के लिए कहा, जिसके बाद उन्हें मंदिर हसौद थाना ले जाया गया और करीब दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई।

बताया जा रहा है कि मां के थाने जाने के बाद घर पर अकेली रह गई युवती मानसिक दबाव और डर में आ गई। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्चुरी भेज दिया। बाद में फोन के जरिए युवती की मां को बेटी की मौत की सूचना दी गई। मृतका की पहचान हनीफा उर्फ अनिमा पटेल (18) के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
