
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटीबंद इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में लगी आग की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि सुबह के समय बुजुर्ग घर में अकेले थे। इसी दौरान घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बुजुर्ग बाहर निकल नहीं पाए और गंभीर रूप से झुलस गए। करीब 70 प्रतिशत तक जल चुके बुजुर्ग ने मदद के लिए चीख-पुकार की, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के वक्त बुजुर्ग का बेटा घर में ताला लगाकर बाहर गया हुआ था। पड़ोसियों ने किसी तरह मदद करने की कोशिश की, लेकिन घर बंद होने के कारण वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके।
सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड की टीम करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। तब तक बुजुर्ग की जान जा चुकी थी। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो बुजुर्ग की जान बचाई जा सकती थी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग रूम हीटर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी, हालांकि अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
