Saturday, March 28, 2026
Homeअपराधभीषण सड़क हादसा: सगाई में जा रही बस पलटी, 5 की मौत...

भीषण सड़क हादसा: सगाई में जा रही बस पलटी, 5 की मौत की आशंका, 87 घायल…!

बलरामपुर। छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा से सटे झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। छत्तीसगढ़ से झारखंड की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर घाटी के घुमावदार मार्ग पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। ग्रामीणों के मुताबिक इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 87 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से मृतकों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के महाराजगंज गांव से यात्रियों को लेकर झारखंड में आयोजित एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। बस में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सवार थे। जैसे ही बस ओरसा घाटी के संकरे, ढलानयुक्त और तीखे मोड़ों वाले रास्ते पर पहुंची, चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। संतुलन बिगड़ते ही बस सड़क किनारे पलट गई और कई यात्री सीटों व शीशों से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मदद के लिए आगे आए। उन्होंने बिना देर किए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। कई घायलों को ग्रामीणों ने अपने निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों की तत्परता से कई जिंदगियां बच सकीं।

घटना की जानकारी मिलते ही महुआडांड़ के एसडीएम विपिन कुमार दुबे के निर्देश पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत अलर्ट पर आ गईं। महुआडांड़, गारू और नेतरहाट से एंबुलेंस और चिकित्सा दल मौके पर भेजे गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महुआडांड़ अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।

प्रशासन की ओर से जारी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुल 87 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। इनमें से 27 घायलों का इलाज कार्मेल अस्पताल में, जबकि 60 घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। कई यात्रियों को सिर, हाथ-पैर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर बलरामपुर के समीप हुई इस भीषण दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद है। शोक की इस कठिन घड़ी में वे दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही बचाव एवं राहत कार्य तत्काल प्रारंभ कर दिए गए थे और मौके पर प्रशासन की टीमें समन्वय के साथ राहत कार्य संचालित कर रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गंभीर रूप से घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि 80 से अधिक घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। सभी घायलों की चिकित्सकीय जांच के बाद ही मृतकों की संख्या और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार, ढलान और घुमावदार सड़क को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है और लोग अपनों की सलामती को लेकर अस्पतालों के बाहर चिंतित नजर आ रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि राहत एवं बचाव कार्य में कोई कमी नहीं बरती जाएगी और घायलों को हर संभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts