Wednesday, February 11, 2026
Homeअन्य खबरेबिलासपुर में आबकारी एसआई पर अवैध छापेमारी, मारपीट और रिश्वत मांगने के...

बिलासपुर में आबकारी एसआई पर अवैध छापेमारी, मारपीट और रिश्वत मांगने के आरोप, महिला ने एसपी-कलेक्टर से लगाई गुहार…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुटेला की एक महिला ने आबकारी विभाग के एक सब-इंस्पेक्टर और उनकी टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

शिकायतकर्ता बुधवारा बाई धृतलहरें (उम्र 50 वर्ष) का आरोप है कि 20 जनवरी की सुबह करीब 6:30 बजे आबकारी वृत्त बिलासपुर की टीम उनके घर पहुंची और बिना किसी वैध कारण के कथित रूप से अवैध तरीके से घर में प्रवेश कर तलाशी ली। महिला का कहना है कि घर के बाहर बनी लगभग सात फीट ऊंची बाउंड्रीवाल को फांदकर टीम अंदर घुसी, जबकि उस समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे।

पीड़िता के अनुसार तलाशी के दौरान घर से किसी भी प्रकार की शराब या मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ, इसके बावजूद उनके बेटे दीपक कुमार धृतलहरें को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाया गया और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बाद में जब पीड़िता अपनी बेटी, छोटे बेटे और ग्राम पंचायत कुटेला के सरपंच के साथ आबकारी कार्यालय पहुंची, तो वहां कथित रूप से उनके दोनों बेटों के साथ मारपीट की गई और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि उन्हें कार्यालय परिसर में जबरन बैठाकर रखा गया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आबकारी विभाग की एसआई ऐश्वर्या मिंज द्वारा मामले को खत्म करने के एवज में उनसे दो लाख रुपये की मांग की गई। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो कथित रूप से उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया।

पीड़िता का कहना है कि विभाग के कुछ कर्मचारी क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को संरक्षण देकर कमीशन वसूली करते हैं, जबकि निर्दोष ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व में भी इसी तरह की कार्रवाई के दौरान कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोनों बेटों को तत्काल मुक्त करने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, इन आरोपों पर आबकारी विभाग या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts