
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एक पालतू पिटबुल कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया। अनुपम नगर इलाके में एक डॉक्टर के घर पहुंचे डिलीवरी कर्मी पर पिटबुल ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने कुत्ते के मालिक डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पेमेंट लेने गया था, जान पर बन आई
जानकारी के मुताबिक सुरेश नाम का युवक अपने साथी के साथ सामान की डिलीवरी का बकाया पेमेंट लेने डॉक्टर के घर पहुंचा था। जैसे ही वह घर के अंदर गया, खुले में घूम रहे पिटबुल ने उसके पैर को जबड़े में जकड़ लिया। युवक दर्द से चीखता रहा, जबकि कुत्ता उसे छोड़ने का नाम नहीं ले रहा था।
साथी द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और कुत्ते के मालिक को बुलाया गया। मालिक के आने के बाद किसी तरह कुत्ते को काबू में कर युवक को छुड़ाया गया।

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
हमले में युवक बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए डॉग मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

डॉक्टर मालिक पर मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह पुलिस ने डॉक्टर अक्षर राव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्रतिबंधित नस्ल के कुत्ते को सुरक्षा इंतजामों के बिना खुले में क्यों छोड़ा गया था।
पहले भी कर चुका है हमले
स्थानीय लोगों का दावा है कि यही पिटबुल पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। करीब डेढ़ साल पहले एक डिलीवरी बॉय और उसके साथी को भी इसी कुत्ते ने घायल किया था। इसके अलावा घर में काम करने वाली महिला और एक रिक्शा चालक पर हमले की बात भी सामने आई है।
प्रतिबंधित नस्ल पर फिर उठे सवाल
पिटबुल नस्ल को आक्रामक स्वभाव के कारण कई देशों में प्रतिबंधित किया गया है। भारत में भी कुछ खतरनाक नस्लों पर नियंत्रण को लेकर नियम लागू हैं। ऐसे में इस घटना ने पालतू जानवरों की जिम्मेदारी और सुरक्षा नियमों के पालन पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
