
दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बीते पांच दिनों के भीतर आत्महत्या की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। ताज़ा मामला पति-पत्नी के बीच सोशल मीडिया रील बनाने को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा है, जबकि अन्य दो मामलों में पारिवारिक और निजी रिश्तों से तनाव की बात सामने आई है। तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
केस 1: रील बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद, महिला ने फांसी लगाई
छावनी थाना क्षेत्र में रहने वाली अंजली साव (35) ने घर में आत्महत्या कर ली। वह पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ भिलाई क्षेत्र में रहती थी। अंजली गृहिणी थी और इंस्टाग्राम पर रील व डांस वीडियो बनाती थी।

बताया जा रहा है कि उसका सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना पति को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 30 जनवरी को भी इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ। शाम के समय जब बच्चे ट्यूशन गए हुए थे, तब अंजली ने घर में फांसी लगा ली। बच्चों के लौटने पर घटना का पता चला। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

पहले भी कर चुकी थी कोशिश
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजली 26 जनवरी तक सोशल मीडिया पर सक्रिय थी। दिसंबर में भी उसने आत्महत्या का प्रयास किया था, तब उसे अस्पताल में भर्ती कर जान बचाई गई थी।

केस 2: भाइयों के साथ रह रही युवती ने दी जान
छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-1 श्याम नगर में नीतू कोरी (27) ने 31 जनवरी की रात आत्महत्या कर ली। वह अपने दो भाइयों के साथ रहती थी। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

केस 3: ग्राफिक्स डिजाइनर ने पारिवारिक विवाद के बीच उठाया कदम
जामुल थाना क्षेत्र में भोज नारायण (36) ने 28 जनवरी को घर में आत्महत्या कर ली। वह एक निजी कॉलेज में सीनियर ग्राफिक्स डिजाइनर था और मूल रूप से गरियाबंद जिले का रहने वाला था। पुलिस जांच में सामने आया कि उसका एक विवाहित महिला से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर घर में विवाद चल रहा था। पत्नी ने समझाने की कोशिश की थी, लेकिन तनाव बढ़ता गया। घटना के समय वह घर में अकेला था।
पुलिस जांच जारी
तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है।
