
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। महिला ने पहले अपने पति को छोड़कर रिश्ते में भांजे लगने वाले युवक से प्रेम विवाह किया था, लेकिन बाद में आपसी शक और विवाद ने इस रिश्ते का खौफनाक अंत कर दिया। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्रेम संबंध से शुरू हुआ था रिश्ता
मृतका पिंकी सोलंकी (26) की शादी करीब आठ साल पहले शिवदास से हुई थी। काम की तलाश में दंपती अंबिकापुर आकर रहने लगे। इसी दौरान शिवदास का भांजा हेमंत सोलंकी (24) भी उनके साथ रहने लगा।
मामा की गैरमौजूदगी में हेमंत और पिंकी के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। हालात ऐसे बने कि पिंकी ने अपने पति को छोड़ दिया और हेमंत के साथ रहने लगी। बाद में दोनों ने साथ जीवन बिताना शुरू किया और उनके दो बच्चे भी हुए।

सोशल मीडिया और शक बना विवाद की जड़
कुछ समय बाद हेमंत को पिंकी की सोशल मीडिया गतिविधियां खटकने लगीं। उसे शक था कि पिंकी अन्य युवकों से फोन पर बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा। झगड़े बढ़ने पर पिंकी बच्चों को लेकर अलग रहने लगी। पुलिस के मुताबिक, इसी के बाद आरोपी ने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
जन्मदिन के बहाने बुलाया, फिर की वारदात
29 जनवरी को आरोपी हेमंत ने अपने जन्मदिन का बहाना बनाकर पिंकी को मिलने बुलाया। दोनों पहले एक होटल गए, जहां साथ में केक काटा और खाना-पीना किया। इसके बाद वह उसे पिलखा पहाड़ स्थित मोरभंज पिकनिक स्पॉट की ओर ले गया। पुलिस के अनुसार, वहां से वह महिला को सुनसान जंगल की ओर ले गया, जहां दुपट्टे से गला दबाकर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

परिवार को बहाने से छोड़ गई थी बेटी
मृतका की छोटी बहन रिंकी ने बताया कि पिंकी दोपहर में अपनी बेटी को उसके पास छोड़कर यह कहकर गई थी कि वह दोस्त की बर्थडे पार्टी में जा रही है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी और मोबाइल भी बंद हो गया। बाद में हत्या की खबर सामने आई। परिजनों ने आरोपी पर पहले से चल रहे विवाद और उसके दूसरे अफेयर की भी आशंका जताई है।

पुलिस जांच और गिरफ्तारी
एएसपी सूरजपुर योगेश देवांगन ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि जन्मदिन मनाने के बहाने महिला को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी हेमंत सोलंकी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

