Homeअन्य खबरेबिलासपुर में बीजेपी की पदयात्रा: केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार बोले- मतदाता सूची...

बिलासपुर में बीजेपी की पदयात्रा: केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार बोले- मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालकर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोला। गांधी चौक से नेहरू चौक तक निकाली गई इस पदयात्रा में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक अमर अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के बाद नेहरू चौक पर सभा आयोजित की गई, जहां भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

एसआईआर को लेकर बोले केंद्रीय मंत्री- हर पात्र मतदाता का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी असली ताकत जनता के विश्वास, मताधिकार और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए मतदाता सूची का स्वच्छ, पारदर्शी और त्रुटिरहित होना जरूरी है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी के तहत होने वाली प्रक्रिया बताया। उनके मुताबिक, मतदाता सूची से मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट नामों को नियमानुसार हटाना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि एसआईआर के तहत करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने की चर्चा हो रही है। इन आंकड़ों को समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि इनमें कितने नाम मृत, अनुपस्थित, स्थानांतरित या डुप्लीकेट पंजीकरण से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले का सत्यापन होना चाहिए और किसी भी पात्र नागरिक को अपना पक्ष रखने तथा अपील करने का अवसर मिलना चाहिए।

नाम कटने से राशन-पेंशन बंद होने की भ्रांति न फैलाएं

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति का राशन, पेंशन या पासपोर्ट जैसी सुविधाएं स्वतः बंद हो जाएंगी। पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 324 का हवाला देते हुए कहा कि चुनावों के अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग को दी गई है। लोकतांत्रिक संस्थाओं के फैसलों पर सवाल उठाना नागरिकों का अधिकार है, लेकिन असहमति तथ्यों और प्रमाणों पर आधारित होनी चाहिए।

तोखन साहू बोले- चुनाव हारने पर वोट चोरी का आरोप लगाती है कांग्रेस

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जब चुनाव हारती है तो वोट चोरी का आरोप लगाने लगती है। उन्होंने इसे पार्टी का दोहरा चरित्र बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र खतरे में होने का मुद्दा उठाकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के चुनाव का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि एक समय साजिश के तहत उनके 75 हजार वोट हटाए गए थे, जिसके कारण उन्हें 15 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।

अरुण साव का राहुल गांधी पर हमला- जनता अब बहकावे में नहीं आएगी

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लगातार वोट चोरी के आरोप लगाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता कांग्रेस को वोट नहीं देती तो पार्टी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने लगती है। अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर देशहित के बजाय एक परिवार की चिंता करने का आरोप भी लगाया।

अमर अग्रवाल बोले- आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने की थी लोकतंत्र की हत्या

बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आज लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने ही देश में आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिकों की स्वतंत्रता को कुचलने का काम किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मौजूदा रवैया ‘चोर मचाए शोर’ वाली कहावत को चरितार्थ करता है। अमर अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में विकास कर रहा है और भाजपा कार्यकर्ता लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में काम कर रहे हैं।

कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

पदयात्रा में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पदयात्रा के जरिए भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के समर्थन में जनजागरूकता बढ़ाने और निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विश्वास मजबूत करने का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts