
बिलासपुर। सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर एक प्रतियोगी छात्र से लाखों रुपये ऐंठने का मामला बिलासपुर में सामने आया है। अमीन पटवारी की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर आरोपी युवक ने छात्र से करीब 5 लाख रुपये वसूल लिए। अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर निवासी अभय तिवारी बिलासपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात बलौदाबाजार जिले के रहने वाले दुर्गेश देवांगन से हुई। आरोपी ने खुद को मंत्रालय और बड़े नेताओं से जुड़ा बताते हुए सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।

दुर्गेश ने जल संसाधन विभाग में अमीन पटवारी की नौकरी पक्की कराने का दावा किया। उसके झांसे में आकर अभय ने अलग-अलग किश्तों में कुल 5 लाख रुपये दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार आश्वासन देता रहा कि नियुक्ति जल्द हो जाएगी।

इसी बीच अमीन भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी हुआ, लेकिन सूची में अभय का नाम नहीं था। जब उसने इस बारे में पूछा तो आरोपी ने फिर बहलाया और कहा कि अगर अमीन में नहीं हुआ तो सीजीपीएससी के माध्यम से बेहतर पद दिला देगा। तब अभय को शक हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।

जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में उसका मोबाइल भी बंद हो गया। इसके बाद अभय ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपी की संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।
