
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र और नोटों को कई गुना करने के नाम पर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कारोबारी से कथित तांत्रिक ने लाखों रुपये ठग लिए। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

नोट बढ़ाने के झांसे में फंसा कारोबारी
पुलिस के अनुसार, गुढ़ियारी क्षेत्र निवासी बीजेपी पार्षद के बेटे ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे पैसों को 100 गुना करने का लालच दिया गया। आरोपियों ने तंत्र-मंत्र के जरिए धनवर्षा का दावा किया और इसी बहाने उससे लाखों रुपये ऐंठ लिए।

ऐसे रची गई ठगी की साजिश
शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब एक साल पहले उसकी पहचान भिलाई निवासी एक युवक से हुई थी, जिसने बाद में उसे एक कथित तांत्रिक से मिलवाया। आरोपी ने दावा किया कि वह तंत्र साधना से नोटों को कई गुना कर सकता है। इस बात पर भरोसा कर कारोबारी ने उससे संपर्क किया।

पूजा के नाम पर लिए पैसे, फिर हो गए फरार
घटना के दिन आरोपी कथित तांत्रिक के साथ कार्यालय पहुंचा और पूजा-पाठ के दौरान 3.50 लाख रुपये नकद ले लिए। इसके बाद पीड़ित को बाहर इंतजार करने को कहा गया। कुछ देर बाद आरोपी एक थैला थमाकर किसी काम का बहाना बनाते हुए फरार हो गए।
थैले में निकले नकली नोट
काफी देर तक आरोपियों के नहीं लौटने पर जब पीड़ित ने थैला खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए। थैले में असली नोटों की जगह नकली नोट भरे हुए थे। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होते ही उसने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस की कार्रवाई, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस ठगी गिरोह से जुड़े अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।
