
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित आसपास के जिलों में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला ने प्रेस वार्ता कर बताया कि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी के कुल 8 मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया गया है। इन मामलों में शामिल 6 आरोपियों और विधि से संघर्षरत एक बालक समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 28 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी, नकदी, दोपहिया वाहन और अन्य सामान जब्त किया है।

पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि आरोपी मोबाइल फोन पर चोरी से जुड़े रील्स देखकर वारदात को अंजाम देते थे। सोशल मीडिया से मिले आइडिया के आधार पर आरोपी सूने मकानों और ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाते थे।

सूने मकानों में सेंध, जेवरात और नकदी पर हाथ साफ
थाना खम्हारडीह क्षेत्र के अवंति विहार सेक्टर-01 में एक मकान से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी की गई थी। पीड़ित परिवार दिल्ली गया हुआ था, इसी दौरान चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसपैठ की। इसी तरह थाना डी.डी. नगर क्षेत्र के रोहिणीपुरम में भी बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी की गई। मौके से लोहे की रॉड, सब्बल, दस्ताने और मोबाइल जैसे औजार भी मिले थे, जिससे साफ हुआ कि चोरी पूरी तैयारी के साथ की गई थी।
थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में भी एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़ते हुए जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया। थाना विधानसभा क्षेत्र में भी इसी तरह शादी कार्यक्रम में गए परिवार के घर से सोना-चांदी और नगदी चोरी की गई।

ज्वेलरी दुकानों को भी बनाया निशाना
आरोपियों ने केवल घरों में ही नहीं बल्कि ज्वेलरी दुकानों में भी शातिर तरीके से चोरी की। थाना आरंग क्षेत्र में दो अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों से सोने के लॉकेट चोरी किए गए। आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और मौका पाते ही जेवर लेकर फरार हो गए। वहीं पलारी (जिला बलौदाबाजार) में एक ज्वेलरी दुकान से मंगलसूत्र चोरी करने का प्रयास किया गया, हालांकि शोर मचने पर आरोपी मंगलसूत्र फेंककर भाग निकला।

मोटरसाइकिल चोरी का भी मामला
थाना पंडरी क्षेत्र में एक दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल की चाबी लगी होने का फायदा उठाकर चोरों ने बाइक चोरी कर ली थी। यह बाइक भी बरामद कर ली गई है।
शातिर हिस्ट्रीशीटर भी गिरफ्तार
पुलिस ने थाना खम्हारडीह और डी.डी. नगर के मामलों में संजय नेताम उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है, जो थाना सिविल लाइन का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन से अधिक चोरी के मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। उसके कब्जे से करीब 18 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया है।
इसके अलावा पुरानी बस्ती, आरंग, पंडरी, पलारी और विधानसभा क्षेत्र के मामलों में अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से भी लाखों का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस की अपील
डीसीपी क्राइम ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के अपराध से जुड़े वीडियो और रील्स को न देखें और न ही साझा करें। साथ ही घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
