
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस महकमे ने नियमों की अनदेखी पर कड़ा रुख अपनाया है। एसपी योगेश पटेल ने थाना अर्जुन्दा में पदस्थ थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू और आरक्षक पंकज तारम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

दरअसल, 16 सितंबर 2025 को जारी आदेश के तहत आरक्षक पंकज तारम का स्थानांतरण थाना अर्जुन्दा से गुंडरदेही किया गया था। स्थानांतरण आदेश के बाद सभी थाना प्रभारियों को संबंधित कर्मचारियों को नई पदस्थापना के लिए समय पर रवानगी देने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके, पंकज तारम ने गुंडरदेही में कार्यभार ग्रहण नहीं किया और थाना प्रभारी अर्जुन्दा द्वारा भी उन्हें रवानगी नहीं दी गई।

एसपी ने इसे आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदाराना आचरण मानते हुए दोनों के खिलाफ कार्रवाई की। जारी आदेश के अनुसार, थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू और आरक्षक पंकज तारम को निलंबन अवधि में रक्षित केंद्र बालोद से संबद्ध किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता सहित अन्य देय लाभ मिलेंगे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विभागीय आदेशों की अनदेखी और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
