
रायपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राजधानी रायपुर में बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से पांच दिवसीय निःशुल्क प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप 20 फरवरी से 24 फरवरी तक आयोजित होगा, जिसमें 12वीं पास से लेकर स्नातक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायपुर द्वारा आयोजित यह प्लेसमेंट कैंप टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, चतुर्थ तल, मल्टीलेवल पार्किंग, गांधी चौक कलेक्टोरेट परिसर, रायपुर में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगेगा।

ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य
प्लेसमेंट कैंप में शामिल होने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। साक्षात्कार के दौरान उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। कैंप में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

12वीं पास को मिलेगा मौका
कैंप में निजी क्षेत्र की नामी कंपनियां हिस्सा लेंगी। टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव के 400 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण रखी गई है। चयनित उम्मीदवारों को 18,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा और पदस्थापना रायपुर में होगी।
वहीं आईटीएम एडयूटेक इंडिया लिमिटेड द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव/रिलेशनशिप मैनेजर के 124 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस पद के लिए स्नातक योग्यता अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को 26,500 रुपये मासिक वेतन मिलेगा और नियुक्ति छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में की जाएगी।
युवाओं से अपील
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के अधिकारियों ने जिले के सभी योग्य और इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर प्लेसमेंट कैंप में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं और साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लें।
