Friday, February 27, 2026
Homeअन्य खबरेपढ़ने आईं थीं छात्राएं, हाथ में पकड़ा दिया ब्रश! छज्जे पर चढ़कर...

पढ़ने आईं थीं छात्राएं, हाथ में पकड़ा दिया ब्रश! छज्जे पर चढ़कर सफाई और रंगाई-पुताई करती दिखीं छात्राएं, VIDEO वायरल..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक वीडियो सामने आया है, जिसने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वायरल वीडियो में छात्रावास की बालिकाएं खुद दीवारों की रंगाई-पुताई करती नजर आ रही हैं। मामला लैलूंगा ब्लॉक के कोड़सिया स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का बताया जा रहा है।

40 से ज्यादा छात्राएं, रख-रखाव के लिए 25 हजार की राशि

जानकारी के मुताबिक छात्रावास में करीब 40-45 छात्राएं रहकर पढ़ाई कर रही हैं। बताया गया है कि हर साल रख-रखाव के लिए 25 हजार रुपये की राशि मिलती है। इन दिनों छात्रावास में रंगाई-पुताई का काम चल रहा था, इसी दौरान बालिकाओं के काम करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो में क्या दिखा?

वीडियो में कुछ छात्राएं रंग घोलती दिखाई दे रही हैं, जबकि कुछ दीवारों और कमरों की पुताई कर रही हैं। हैरानी की बात यह है कि वीडियो में कोई अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नजर नहीं आ रहा।

छज्जे पर चढ़कर सफाई

वायरल तस्वीरों में छात्राएं छत के छज्जे पर चढ़कर जमी गंदगी साफ करती भी दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि कई दिनों से सफाई नहीं होने के कारण गंदगी जमा थी, जिसे छात्राओं ने खुद हटाया।

अधिकारियों पर मनमानी के आरोप

स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या विभागीय कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी से बचते हुए छात्राओं से काम करा रहे हैं? छात्रावास में 6वीं से 10वीं तक की बालिकाएं अध्ययनरत हैं, ऐसे में सुरक्षा और नियमों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

जांच के आदेश

आदिवासी विकास विभाग के क्षेत्र संयोजक धर्मेन्द्र बैस ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद सहायक आयुक्त ने जांच के निर्देश दिए हैं। टीम मौके पर जाकर पूरी स्थिति की पड़ताल करेगी, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और जिम्मेदारी तय होने पर क्या कार्रवाई होती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts