Friday, March 13, 2026
Homeअपराधयुवक ने मरने से पहले बनाया VIDEO, फिर लगाई फांसी, बोला– पुलिस...

युवक ने मरने से पहले बनाया VIDEO, फिर लगाई फांसी, बोला– पुलिस की गालियों से तंग आ गया हूं…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक ने कथित तौर पर पुलिस की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाकर अपने दोस्तों को भेजा, जिसमें उसने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी इलाके की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान 21 वर्षीय सनद कश्यप के रूप में हुई है, जो जांजगीर-चांपा जिले के चोरभट्टी गांव का रहने वाला था। वह पताड़ी के पास स्थित अशोक लीलैंड कंपनी के वर्कशॉप में मैकेनिक के रूप में काम करता था और कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए कमरे में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि सनद के साथ कमरे में रहने वाला धीरेंद्र पाटले कुछ समय पहले गेवरा की एक युवती के साथ फरार हो गया था। इस मामले में जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी और पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।

तलाश के दौरान पंतोरा पुलिस ने सनद कश्यप से पूछताछ की थी। युवक ने आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उसे धीरेंद्र और युवती को भगाने में मदद करने का आरोप लगाकर गाली-गलौज कर रहे थे और बार-बार थाने बुलाने की बात कह रहे थे।

वीडियो में उसने यह भी कहा कि उसे परिवार की ओर से किसी तरह का दबाव नहीं था, लेकिन पुलिस की डांट-फटकार और थाने बुलाए जाने के डर से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

सनद कश्यप अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद उरगा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts