
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छट्ठी (नामकरण) कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह हादसा मंगचुआ थाना क्षेत्र के भंवरमरा गांव स्थित नेताम टोला मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि गोटाटोला थाना क्षेत्र के पददेटोला गांव के करीब 20 ग्रामीण पिकअप में सवार होकर खड़बत्तर गांव छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

देर रात सभी वापस लौट रहे थे, तभी वाहन अचानक बेकाबू होकर पलट गया। जिससे लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में मान बाई (68) और नंदिनी (40) की घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि 12 से अधिक लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

मंगचुआ थाना प्रभारी प्रदीप कंवर ने बताया कि राहत कार्य तुरंत शुरू किया गया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं। शुरुआती जांच में मोड़ पर वाहन की तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।
