
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। पेपर लीक की आशंका के बीच माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 14 मार्च 2026 को हुई हिंदी परीक्षा को रद्द कर दिया है। अब यह परीक्षा दोबारा 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी।

मामले ने तूल तब पकड़ा जब छात्र संगठन NSUI ने सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप्स में परीक्षा से पहले ही सवाल वायरल होने का दावा किया। इस दावे के बाद शिक्षा मंडल हरकत में आया और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।

पुलिस के साथ-साथ साइबर सेल भी सक्रिय हो गई है और वायरल सवालों की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं NSUI ने इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) का घेराव किया और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अब दोबारा परीक्षा की घोषणा से छात्रों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है, वहीं बोर्ड की साख पर भी सवाल उठने लगे हैं।
