
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां शादी में देरी और आर्थिक तंगी के बीच एक प्रेमी-प्रेमिका ने एक ही फंदे पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। दोनों की सगाई हो चुकी थी और वे जल्द शादी करना चाहते थे, लेकिन परिस्थितियां उनके खिलाफ रहीं। घटना छाल थाना क्षेत्र के ग्राम एडूकला के जंगल की है।

जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल की सुबह जब ग्रामीण महुआ बीनने जंगल पहुंचे, तब उन्होंने पेड़ पर युवक और युवती के शव फंदे से लटके देखे। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मृतकों की पहचान परमेश्वरी अगरिया (20), निवासी रानीखेत और रामकुमार अगरिया (25), निवासी भुंडीबाहरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात साल 2024 में मजदूरी के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ। करीब एक साल के रिश्ते के बाद परिवारों की सहमति से उनकी सगाई भी हो गई थी।

परिजनों के मुताबिक, शादी की बात लगातार टल रही थी। रामकुमार ने नई बाइक खरीदने के नाम पर घर से 20 हजार रुपए लिए थे, जिसमें से 16 हजार खर्च कर दिए। बाद में वह शादी के लिए अलग से पैसों की मांग कर रहा था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह संभव नहीं हो पा रहा था, जिससे शादी में देरी हो रही थी।
इसी बीच दोनों ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना स्थल से दोनों के मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि, पेड़ पर फंदा बनाकर प्रेमी प्रेमिका ने फांसी लगा ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस मामले में पूरी जांच के बाद कारण का खुलासा हो सकेगा।
छाल थाना प्रभारी मदन पाटले ने बताया कि, अभी मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
