
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो छत्तीसगढ़ से लेकर हिमाचल प्रदेश तक फैले नेटवर्क के जरिए पूरे देश में सट्टा संचालित कर रहे थे।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब 4 अप्रैल 2026 को भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने अजय बतरा को मोबाइल के जरिए सट्टा चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। उसके पास से मोबाइल, ₹5780 नकद और सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल सबूत मिले।

पूछताछ और मोबाइल की तकनीकी जांच में “RUVIBET” पैनल आईडी के जरिए बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवानू क्षेत्र से इस सट्टा गिरोह का संचालन किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने परवानू में दबिश देकर किराए के मकान से 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पकड़े गए आरोपी छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और नेपाल के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कीमत करीब 50 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी “RUVIBET” आईडी के जरिए अलग-अलग ब्रांच लिंक बनाकर देशभर में ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। इस मामले में पहले से दर्ज अपराध में अब भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है, वहीं इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
