Wednesday, April 22, 2026
Homeअपराधबेख़ौफ अपराधी! सरेआम मारपीट कर लूटा 1 लाख, पुलिस के हाथ अब...

बेख़ौफ अपराधी! सरेआम मारपीट कर लूटा 1 लाख, पुलिस के हाथ अब तक खाली…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमानाका थाना क्षेत्र के चंदनडीह इलाके में तीन अज्ञात बदमाशों ने एक कारोबारी पर हमला कर उससे नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित जफर इकबाल (40), जो पंडरी इलाके के ताज नगर मस्जिद के पास रहते हैं और होम डेकोर का काम करते हैं, ने पुलिस को बताया कि वे 20 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 2:45 बजे अपनी बाइक से टाटीबंध से कुम्हारी की ओर जा रहे थे। उनके पास एक काले बैग में ₹1.5 लाख नकद थे, जो उन्हें एक परिचित को देने थे।

चंदनडीह के पास जाम लगने के कारण वे नीचे रास्ते से होते हुए दुर्गा मंच के पास रुके। इसी दौरान करीब 3 बजे काले रंग की थार गाड़ी में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। एक आरोपी ने उतरकर उनका बैग छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर मारपीट की। इसी बीच बैग गाड़ी में डाल दिया गया, हालांकि थोड़ी दूरी पर बैग वापस फेंक दिया गया। जब पीड़ित ने बैग चेक किया तो उसमें ₹50,000 ही बचे थे, जबकि ₹1 लाख गायब थे। बदमाश नकदी लेकर फरार हो चुके थे।

पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया और परसदा रोड स्थित कैवल्य धाम मंदिर तक पहुंचा, लेकिन वहां भी आरोपी गाड़ी लेकर भाग निकले। घटना में पीड़ित को हाथ और सीने में चोटें आई हैं।

महत्वपूर्ण बात यह रही कि पीड़ित ने भागती गाड़ी का नंबर (CG-07-CS-7739) नोट कर लिया, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिला है।

रायपुर पश्चिम जोन के एडिशनल डीसीपी राहुल देव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts